मुख्य समाचार

प्रगति मैदान में देश के सहकारी संस्थानों का ट्रेड फेयर

नई दिल्ली। देश के सहकारी संस्थानों के पहले ट्रेड फेयर का आयोजन प्रगति मैदान में शुरू हो गया है। भारत अंतरराष्ट्रीय सहकारी व्यापार मेला (आईआईसीटीएफ) 11 से 13 अक्टूबर तक है। मेले में 150 से अधिक सहकारी संगठन एवं 35 देशों के प्रतिनिधि शामिल हैं।     

मेला का आयोजन भारत सरकार के कृषि मंत्रालय के राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम ने किया है। इसमें बैंकाॅक स्थित संगठन नेडैक, भारत के अग्रणी संगठन नैफेड, एपीडा और आईटीपीओ, वाणिज्य उद्योग एवं विदेश मंत्रालय सहयोग कर रहे हैं। छह राज्य सरकार, केंद्र शासित राज्यों के प्रशासक एवं इफको, भारतीय पोटाश लिमिटेड एवं अमूल सक्रिय भागीदार हैं।

मेले के उद्घाटन समारोह में बिहार से कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार एवं सहकारिता मंत्री राणा रणधीर सिंह शामिल हुए। कृषि मंत्री ने कहा कि सहकारी संस्थानों का यह भारत का पहला ट्रेड फेयर है। इसमें कृषि, डेयरी एवं यांत्रिकरण सहित कृषि क्षेत्र के कई नवीनतम तकनीक एवं मार्केटिंग से जुड़े संस्थान भाग ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि व्यापार मेला महत्वपूर्ण कृषि पदार्थ एवं उत्पादों के निर्यात-संवर्धन, किसानों की आय दोगुनी करने एवं कृषि निर्यात नीति 2018 के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने में सहायक होगा। इस मेला से किसान, शिल्पकार और सहकारिता क्षेत्र से जुड़े सभी हितधारकों का मनोबल बढ़ेगा। उन्हें सहकारिता क्षेत्र में अधिक योगदान देने की नई प्रेरणा मिलेगी। 


संबंधित खबरें