मुंबई/एजेंसी/12.10.19 । केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने अर्थव्यवस्था में मंदी को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि दो अक्टूबर को रिलीज हुई तीन फिल्मों ने 120 करोड़ रुपये की कमाई की है। अर्थव्यवस्था दुरुस्त है तभी फिल्मों ने इतनी कमाई की है। साथ ही बेरोजगारी पर एनएसएसओ की रिपोर्ट को भी गलत बताया है।
केंद्रीय मंत्री ने मुंबई में एक प्रेस कांफ्रेंस में बेरोजगारी और अर्थव्यवस्था में सुस्ती को पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने कहा दो अक्टूबर को तीन फिल्में रिलीज हुई हैं। फिल्म विशेषज्ञ कोमल नाहटा ने बताया कि नेशनल हॉलीडे के दिन तीनों मूवी ने 120 करोड़ रुपये का कारोबार किया है।
बेरोजगारी पर एनएसएसओ की रिपोर्ट को भी केंद्रीय मंत्री ने खारिज किया। रिपोर्ट में कहा गया है कि बेरोजगारी की दर 45 सालों में सर्वाधिक है। उन्होंने कहा रिपोर्ट गलत है। मैंने आपको कई प्रासंगिक डेटा दिये हैं, जो रिपोर्ट में नहीं है। हमने कभी नहीं कहा कि हम सभी को सरकारी नौकरी देंगे। कुछ लोग भ्रम फैला रहे हैं।