मुख्य समाचार

डेंगू मरीजों को प्लेटलेट्स शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश 

पटना/19.10.19। पीएमसीएच ब्लड बैंक के प्रभारी चिकित्सक को निर्देश दिया गया है कि जिन मरीजों को प्लेटलेट्स या ब्लड की आवश्यकता है, उन्हें तुरंत उपलब्ध कराएं। ब्लड बैंक 24 घंटे खुला रहे । पटना प्रमंडल के आयुक्त संजय कुमार अग्रवाल ने पीएमसीएच में डेंगू की रोकथाम के लिए समीक्षा बैठक की। उन्होंने चिकित्सकों से डेंगू मरीजों की नियमित देखभाल एवं भोजन-दवा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

इधर, जिला जज रूद्र प्रकाश मिश्रा एवं डीएम कुमार रवि ने कमला नेहरू नगर स्लम बस्ती के 1400 घरों में ब्लीचिंग पाउडर एवं एंटीलार्वा का छिड़काव अपनी उपस्थिति में कराया। साथ ही क्लोरीन टेबलेट भी बंटवाया। 

आयुक्त ने बताया कि पीएमसीएच में 40 यूनिट प्लेटलेट्स उपलब्ध है। डेंगू का इलाज जारी है। पीएमसीएच में पटना के निजी अस्पतालों के सैंपल समेत वैशाली, नालंदा एवं औरंगाबाद से भी डेंगू के मरीज यहां आ रहे हैं। स्थिति नियंत्रण में है। 

अधीक्षक डाॅ राजीव रंजन प्रसाद ने बताया कि डेंगू वार्ड में अब तक 232 मरीज भर्ती हुए हैं, जिनमें 187 मरीज स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। डेंगू वार्ड में 75 बेड सुरक्षित हैं। फिलहाल तीस बेड खाली हैं। मरीजों ने भी बताया कि उनका इलाज ठीक से हो रहा है। 

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की डाॅक्टरों की टीम ने भी 18 अक्टूबर को पीएमसीएच के डेंगू वार्ड का दौरा किया था। टीम ने रोकथाम के लिए आवश्यक निर्देश के साथ प्रचार-प्रसार पर जोर दिया था। बिहार में अब तक डेंगू की लगभग 2400 पाॅजिटिव रिपोर्ट आयी है। वैष्णो देवी सेवा समिति के आज पटना के दो जांच शिविरों में 22 डेंगू मरीजों की पहचान हुई । जरूरतमंदों के लिए शिविर का आयोजन निःशुल्क किया गया है।     


संबंधित खबरें