पटना । रंगीन रौशनी के बीच जैसे ही महिलाओं ने अपनी प्रस्तुति शुरू की, वैसे ही हॉल तालियों से गूंज उठा। मौका था न्यू बूगी वूगी डांस एकेडमी की ओर से आयोजित मिसेज ब्यूटी मॉम्स ऑफ बिहार के ग्रैंड फिनाले का।
कार्यक्रम में मिस इंडिया रुपाली भूषण, फैशन डिजाइनर आशीष अग्रवाल, नाजिया मजीद हसन एवं मेकअप ब्यूटी अनुपमा बतौर निर्णायक मौजूद थे। फिनाले के लिए चयनित 14 महिलाओं ने जब अपनी प्रस्तुति शुरू की, तो सारे दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए।
निर्णायकों ने कैटवॉक के साथ खूबसूरती, कम्युनिकेशन स्किल, आई क्यू, पर्सनालिटी के पैमाने पर प्रतिभागियो से सवाल-जवाब भी किये। मॉडल्स एथनिक, इंडो-वेस्टर्न और थीम बेस्ड कपड़े पहनकर उतरे, तो उनकी सुंदरता के साथ कपड़ों की चमक भी फैल गयी। प्रोफेशनल मॉडल्स ने रैम्प पर नामचीन बुनकरों के कपड़े पहनकर उनकी कला की नुमाइश की। डांस ग्रुप ने अपनी प्रस्तुति से लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के आयोजक बूगी वूगी डांस एकेडमी के निदेशक अनिल राज ने कहा कि इस कार्यक्रम को आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य उन महिलाओं को मंच देना है, जिन्होंने अपनी प्रतिभा को घर में ही दबाकर रखा है। शो के जरिये हम राज्य के लोगों को फैशन के प्रति जागरूक करना चाहते हैं ताकि वे अपने शौक को रोजगार बना सकें।
शो का ऑडिशन बिहार के विभिन्न जिलों में हुआ था, जहां से 14 प्रतिभागियों का चयन किया गया। विजेताओं को मोमेंटो, सर्टिफिकेट एवं अन्य उपहार देकर सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।