नई दिल्ली । केंद्र सरकार ने 2019-20 के लिए सभी रबी फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) बढ़ा दिया है। गेहूं का एमएसपी 85 रुपये बढ़ाकर 1,925 रुपये क्विंटल किया गया है। दलहन फसलों के एमएसपी में 325 रुपये क्विंटल तक की वृद्धि की गई है।
प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति (सीसीईए) की बैठक में यह निर्णय किया गया। सीसीईए ने 2019-20 के लिए सभी रबी फसलों के लिए कृषि लागत एवं मूल्य आयोग (सीएसीपी) की सिफारिशों के अनुसार एमएसपी तय करने को मंजूरी दे दी है।
एमएसपी वह दर है जिस मूल्य पर सरकार किसानों से अनाज खरीदती है। सीसीईए ने 2019-20 के लिए गेहूं का एमएसपी 85 रुपये क्विंटल बढ़ाकर 1,925 रुपये प्रति क्विंटल किया है। यह पिछले साल 1,840 रुपये प्रति क्विंटल था। चालू फसल वर्ष के लिए जौ का एमएसपी 85 रुपये बढ़ाकर 1,525 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है। पिछले साल यह 1,440 रुपये प्रति क्विंटल था।
दाल की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए मसूर का एमएसपी 325 रुपये बढ़ाकर 4,800 रुपये प्रति क्विंटल किया गया। पिछले साल यह 4,475 रुपये प्रति क्विंटल था। चना का एमएसपी 255 रुपये बढ़ाकर 4,875 रुपये प्रति क्विंटल किया गया। पिछले साल यह 4,620 रुपये प्रति क्विंटल था।