पटना/06.11.19। पटना शहरी क्षेत्र में वायु प्रदूषण स्तर को कम करने के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। पटना शहरी क्षेत्र में डीजल से चलने वाले ऑटो 31 जनवरी 2021 से जबकि दानापुर, खगौल एवं फुलवारी नगर परिषद क्षेत्र में 31 मार्च 2021 से पूरी तरह प्रतिबंधित हो जायेंगे।
सीएनजी एवं बैटरी चालित वाहनों को बढ़ावा देने के लिए बिहार स्वच्छ ईंधन योजना 2019 को भी स्वीकृति दी गई। साथ ही पटना एवं समीप के सभी नगर परिषद क्षेत्र में 15 वर्ष से अधिक पुराने सभी व्यावसायिक वाहनों को तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध करने पर भी मुहर लग गई।
कैबिनेट की बैठक के बाद परिवहन सचिव संजय अग्रवाल ने बताया कि डीजल चालित ऑटो को प्रतिबंधित करते हुए इसकी जगह सीएनजी एवं बैटरी चालित वाहनों को बढ़ावा दिया जायेगा। इसके लिए राज्य सरकार वाहन चालकों को सब्सिडी देगी। पटना के बाद इसे अन्य शहरों में भी लागू किया जाएगा। बिहार स्वच्छ इंधन नीति, 2019 दो वर्षों के लिए है। पहले आओ पहले पाओ के आधार पर वाहन मालिक कुछ शर्तो के साथ इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।