नई दिल्ली/पटना/25.11.19। प्याज की बढ़ती कीमत पर नियंत्रण के लिए सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी एमएमटीसी ने विदेशों से 6090 टन प्याज आयात का अनुबंध किया है। केंद्र सरकार ने कई जगहों पर 100 रुपये प्रति किलो पर पहुंचे प्याज के खुदरा दाम पर अंकुश लगाने के लिये यह फैसला किया है।
पटना में प्याज का खुदरा भाव तीन दिनों से 80 रुपये प्रति किलो चल रहा हैै। इससे पहले 70 रुपये प्रति किलो था। हालांकि पटना के लोगों को कीमत में राहत देने का काम बिस्कोमान कर रहा है। बिस्कोमान 35 रुपये किलो पर प्रति व्यक्ति दो किलो प्याज उपलब्ध करा रहा है। गांधी मैदान स्थित बिस्कोमान कार्यालय के अलावा शहर के कई पार्कों के समीप वाहन के जरिये प्याज बेचने की व्यवस्था की गई है।
केंद्रीय उपभोक्ता मंत्री राम विलास पासवान का कहना है कि माॅनसून के विलंब आने से प्याज का बुवाई क्षेत्र कम रहा। साथ ही कर्नाटक, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में भारी वर्षा के कारण प्याज की फसल को नुकसान हुआ है । सरकार उपभोक्ताओं को राहत देने के लिये आवश्यक उपाय कर रही है।