मुख्य समाचार

राजगीर महोत्सव       

राजगीर महोत्सव 2019 का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजगीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में उद्घाटन किया। हर साल 25 से 27 नवंबर महोत्सव का आयोजन होता है। उद्घाटन समारोह में सर्वधर्म प्रार्थना हुई। मशहूर गजल गायक पंकज उधास की गायिकी का लोगों ने आनंद उठाया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राजगीर को देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए और विकसित करने के लिए कई काम किये जा रहे हैं। घोड़ाकटोरा को इको टूरिज्म के रूप में विकसित किया गया है। यहां भगवान बुद्ध की बड़ी प्रतिमा लगायी गई है। पंच पहाड़ी काफी पुरानी है। बिहार में विदेशी पर्यटकों की संख्या 10 लाख और देशी पर्यटकों की संख्या तीन करोड़ तक पहुंच गई है।

राजगीर में 50 वर्ष पहले विश्व शांति स्तूप की स्थापना हुई है। यहां देश का पहला रोप-वे लगाया गया और उसके समानांतर अब नया रोप-वे भी बनकर तैयार है। पांडू पोखर दर्शनीय है और जरासंध के अखाड़े का सौंदर्यीकरण भी किया जा रहा है। राजगीर जरासंध, विंबिसार और अजातशत्रु की राजधानी रही है। बाद में अजातशत्रु ने मगध की राजधानी पटना में स्थापित की। 

उन्होंने कहा कि राजगीर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और स्पोर्ट्स एकेडमी का निर्माण हो रहा है। नालंदा विश्वविद्यालय का भी काम तेजी से हो रहा है। नालंदा विश्वविद्यालय के बगल में आईटी सिटी का निर्माण हो रहा है। राजगीर सभी धर्मों के लिए विशिष्ट जगह है। यह भगवान महावीर, बुद्ध, सूफी संत मखदूम साहब एवं गुरुनानक देव की धरती रही है। 

सीएम ने ग्रामश्री मेले का भी उद्घाटन किया। कार्यक्रम को नालंदा के जिला प्रभारी मंत्री सह ग्रामीण कार्य मंत्री शैलेश कुमार, पर्यटन मंत्री कृष्ण कुमार ऋषि, सूचना एवं जन-संपर्क मंत्री नीरज कुमार ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर नालंदा विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो सुनैना सिंह, प्रधान सचिव उदय सिंह कुमावत एवं अमृत लाल मीणा, राजगीर पुलिस एकेडमी के निदेशक भृगु श्रीनिवासन समेत कई वरिष्ठ अधिकारी, कलाकार एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। 
 


संबंधित खबरें