पटना। कृषि इनपुट अनुदान योजना का लाभ लेने के लिए किसान अब 10 दिसंबर तक आवेदन कर सकते हैं। पहले इस योजना के तहत आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 नवंबर, 2019 थी। अब तक राज्य के 21,49,698 किसानों ने आवेदन किया है। यह अनुदान प्रति किसान अधिकतम दो हेक्टेयर क्षेत्र के लिए होगा। योजना का लाभ ऑनलाईन निबंधित किसानों को मिलेगा। निबंधन के लिए कृषि विभाग के डीबी पोर्टल की सहायता ले सकते हैं।
कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने कहा कि अधिक एवं कम बारिश के कारण खरीफ 2019 मौसम में परती भूमि वाले किसानों को यह अनुदान 6800 रुपये प्रति हेक्टेयर की दर से दिया जायेगा। असिंचित फसल क्षेत्र के लिए 6800 रुपये प्रति हेक्टेयर एवं सिंचित क्षेत्र के लिए 13500 रुपये प्रति हेक्टेयर राशि मिलेगी। इसी तरह कृषि योग्य भूमि जहां बालू या सिल्ट का जमाव तीन ईंच से अधिक हो, के लिए 12200 रुपये प्रति हेक्टेयर की दर से सहायता दी जायेगी।