मुख्य समाचार

पृथ्वी संरक्षण के लिए मिलकर काम करने की अपील

अरेराज (मोतिहारी)। जल-जीवन-हरियाली यात्रा के दूसरे दिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 1042 करोड़ रुपये की 589 विकासात्मक योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। पूर्वी चंपारण के अरेराज प्रखंड मुख्यालय स्थित स्टेडियम में जागरूकता सम्मेलन का आयोजन किया गया। 

मुख्यमंत्री ने जनसभा में पृथ्वी के संरक्षण और अपने जीवन की रक्षा के लिए मिलकर काम करने की अपील की। जलवायु परिवर्तन में सुधार, पर्यावरण संकट से छुटकारा एवं सामाजिक जागृति लाना ही जल-जीवन-हरियाली अभियान का मकसद है। 

उन्होंने कहा पहले रोहतास और कैमूर क्षेत्र में ही खेत में फसल अवशेष जलाये जाते थे, लेकिन अब यह सिलसिला पटना, नालंदा होते हुए नाॅर्थ बिहार, चंपारण और पूर्णिया के इलाकों में भी पहुंच गया है। यह खतरनाक है। खेतों में फसल अवशेष जलाने पर पाबंदी लगाने के लिए लोगों को प्रेरित करने के साथ सरकार किसानों की मदद करेगी।

हर घर बिजली पहुंचाने के बाद अब कृषि फीडर के माध्यम से हर इच्छुक किसानों को 75 पैसे प्रति यूनिट की दर पर सिंचाई के लिए बिजली दी जा रही है। सीएम ने 518 जीविका समूहों को 7.77 करोड़ रुपये का चेक दिया। अरेराज में ड्रिप सिंचाई प्रणाली के तहत शुरू की गई फूलों की खेती की जानकारी कृषि विभाग के अधिकारियों से ली।

जनसभा को मंत्री विनोद नारायण झा, प्रमोद कुमार एवं राणा रणधीर सिंह, मुख्य सचिव, डीजीपी एवं तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर सीएम सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी, जल-जीवन-हरियाली मिशन के निदेशक राजीव रौशन, डीएम रमन कुमार, एसपी उपेंद्र शर्मा समेत कई गणमान्य मौजूद थे।  


संबंधित खबरें