मुख्य समाचार

स्टार्ट अप व फिनटैक के साथ बजट पूर्व पहला विमर्श 

नई दिल्ली। आम बजट 2020-21 से पहले केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पहली बैठक डिजिटल अर्थव्यवस्था, फिनटैक और स्टार्ट अप के प्रतिनिधियों के साथ की। बजट पूर्व चर्चा 23 दिसंबर तक जारी रहेगी। एक फरवरी को आम बजट पेश किया जायेगा।   

बैठक में बड़े आंकड़ों से जुड़ी प्रौद्योगिकी के उपयोग एवं विश्लेषण, डिजिटल बुनियादी ढांचा और सरकार की भूमिका, डिजिटल अर्थव्यवस्था में गोपनीयता और वित्तीय नियंत्रण, स्टार्ट-अप के लिए कारोबार में सुगमता, डिजिटल इंडिया के लिए आधारभूत संरचना एवं टैक्स पर चर्चा हुई। 

विशेषज्ञों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सुधार का सुझाव दिया। उन्होंने किसी विशेष क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं के कई समाधान बताए। कई वक्ताओं ने स्टार्ट अप को कर में छूट देने और देश में उन्हें प्रोत्साहित करने का सुझाव दिया।

प्रतिनिधियों के सुझाव : आंकड़ा केंद्रों की स्थापना एवं ग्रामीण क्षेत्र में डिजिटल प्रवेश के लिए प्रोत्साहन, अन्य देशों के साथ प्रतिस्पर्धा के लिए स्टार्ट अप को कॉरपोरेट गांरटी, मैट की दर को युक्ति संगत बनाना, स्टार्ट-अप इकाइयों को कर में छूट, सीमा पार से होने वाले वित्तीय अपराधों को देखने के लिए विशेष एजेंसी का गठन, महिला रोजगार को बढ़ावा, भारत में अंतरराष्ट्रीय इंटर्नशिप और अनुसंधान को प्रोत्साहन एवं कौशल विकास में युवाओं को प्रशिक्षण। 

बैठक में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर, वित्त सचिव राजीव कुमार, आर्थिक कार्य सचिव अतनु चक्रवर्ती, राजस्व सचिव अजय भूषण पांडेय, इलेक्ट्रॉनिक और आईटी सचिव अजय प्रकाश साहनी, दूरसंचार सचिव अंशु प्रकाश, सीबीडीटी अध्यक्ष प्रमोद चंद्र मोदी, सीअीआईसी के अध्यक्ष पीके दास, मुख्य आर्थिक सलाहकार डॉ के.वी.सुब्रह्मणयम और वित्त मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

डिजिटल, फिनटैक और स्टार्ट अप की ओर से विप्रो, इलेक्ट्रॉनिक और कम्प्यूटर सॉफ्टवेयर निर्यात संवर्धन परिषद, जियो मोबाइल, आईआईएम रोहतक, एमएआईटी, नैस्कॉम, चैम्बर्स ऑफ स्टार्ट-अप्स, इंडस्ट्रीज एंड एंटरप्रेन्योर काउंसिल, विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय, इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस, ईएलसीआईएन, लेंसकार्ट, उबेर इंडिया, वेलंकानी इलेक्ट्रॉनिक्स, एप्पल इंडिया, भारतीय दूरसंचार उपकरण निर्माता एसोसिएशन, भारतीय सेल्युलर और इलेक्ट्रॉनिक एसोसिएशन, लावा इंटरनेशनल लिमिटेड एवं पेटीएम के प्रतिनिधि शामिल हुए। 
 


संबंधित खबरें