मुख्य समाचार

देसरी में सेंटर ऑफ एक्सिलेंस फॉर फ्रूट भवन का उद्घाटन    

देसरी (वैशाली)। जल-जीवन-हरियाली यात्रा के चौथे चरण में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वैशाली जिले के देसरी में सेंटर ऑफ एक्सिलेंस फॉर फ्रूट के नये भवन का उद्घाटन किया। उन्होंने मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना के लाभुकों को चाबी दी एवं आवास के लिए कुछ लाभुकों को जमीन बंदोबस्ती के पत्र भी सौंपे। 

सेंटर ऑफ एक्सिलेंस फॉर फ्रूट परिसर में स्ट्रॉबेरी, ब्रोकली, पपीता एवं एलोवेरा की नर्सरी को सीएम ने देखा। अनार, केला, आम एवं लीची के पौधों की नई प्रजातियों की जानकारी ली। कृषि विशेषज्ञों ने बताया कि नई किस्म की प्रजातियों में कीड़े नहीं लगेंगे। इससे फलों का उत्पादन बेहतर होने के साथ वृक्ष की आयु भी अधिक होगी। इन पौधों की सप्लाई राज्य के विभिन्न जिलों में भी की जायेगी। 

मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान कई सुझाव दिये। उन्होंने कहा कि सब्जी के साथ इन इलाकों में फलों की खेती को और बढ़ावा देने के लिए निरंतर काम करते रहना है। 

इस दौरान मुख्य सचिव दीपक कुमार, डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय, तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त पंकज कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव मनीष कुमार वर्मा, कृषि विभाग के सचिव एन सरवन कुमार, तिरहुत प्रमंडल के आईजी गणेश कुमार, सीएम के ओएसडी गोपाल सिंह, डीएम उदिता सिंह एवं एसपी जगन्नाथ रेड्डी मौजूद थे। 
 


संबंधित खबरें