राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार 2019 के विजेताओं को उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने पुरस्कृत किया। सभी विजेताओं को बधाई देते हुए उन्होंने उम्मीद जतायी कि वर्ष 2020 में फिल्मों में कलात्मक और रचनात्मकता की बढ़ी हुई भावना देखने को मिलेगी। समारोह का आयोजन नई दिल्ली के विज्ञान भवन में किया गया।
फिल्म उद्योग का सबसे बड़ा सम्मान दादा साहब फाल्के पुरस्कार सदी के महानायक अमिताभ बच्चन को मिला, लेकिन अस्वस्थ होने के कारण वे समारोह में नहीं आ सके। फिल्म के अनुकूल राज्य का पुरस्कार उत्तराखंड को दिया गया। बेहतर अभिनय के लिए आयुष्मान खुराना और विक्की कौशल सम्मानित किये गये। विक्की कौशल को फिल्म उरि : द सर्जिकल स्ट्राइक और आयुष्मान खुराना को अंधाधुन के लिए सम्मान मिला।
फिल्म पैडमेन को सामाजिक मुद्दों पर बनी सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार मिला। इस पुरस्कार को अक्षय कुमार ने ग्रहण किया। अंधाधुन को सर्वश्रेष्ठ हिन्दी फिल्म और सर्वाधिक लोकप्रिय फिल्म का सम्मान बधाई हो को मिला। बेस्ट एक्ट्रेस के लिए कीर्ति सुरेश (तेलुगु फिल्म) एवं बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस के लिए सुरेखा सिकरी (बधाई हो) को सम्मानित किया गया। आदित्य धर को (उरि : द सर्जिकल स्ट्राइक) के लिए बेस्ट डायरेक्टर का अवार्ड मिला।
समारोह में सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, सचिव रवि मित्तल एवं जूरी समेत फिल्म उद्योग से जुड़ी हस्तियां मौजूद थीं।