नई दिल्ली/एजेंसी। नेशनल रियल एस्टेट डेवलपमेंट काउंसिल (नारेडको) के ऑनलाइन पोर्टल का उद्घाटन सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा ने किया। तैयार मकानों की सुरक्षित खरीद-बिक्री को बढ़ावा देने के लिए पोर्टल को जारी किया गया है।
आवास एवं शहरी मामलों के सचिव ने कहा कि यह पोर्टल (Housing For All.com) प्रामाणिक और पारदर्शी होना चाहिए। साथ ही इसमें ग्राहकों की समस्याओं के समाधान के लिए निवारण प्रणाली भी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि रियल एस्टेट कंपनियों का संगठन क्रेडाई भी इस तरह का पोर्टल पेश करेगा।
नारेडको इस पोर्टल पर सिर्फ रेरा में पंजीकृत तैयार आवासीय परियोजनाओं को ही सूचीबद्ध करेगा। यह पोर्टल रियल एस्टेट डेवलपर्स के लिए केवल एक महीने (14 जनवरी से 13 फरवरी 2020 तक) खुलेगा। इस दौरान वे अपनी परियोजनाओं को रजिस्टर्ड कर सकेंगे।
पोर्टल 14 फरवरी से घर खरीदारों के लिए खोला जायेगा। इस दिन से 45 दिनों की बिक्री अवधि (सेल) शुरू होगी। शुरू के 15 दिन घर खरीदार ऑफर के साथ घर का चयन कर सकेंगे। वे 1 मार्च से 31 मार्च, 2020 तक घरों की खरीद शुरू कर पाएंगे।
नारेडको को एक हजार से अधिक आवासीय परियोजनाओं के सूचीबद्ध होने की उम्मीद है। खरीदार केवल 25,000 रुपये का भुगतान करके पोर्टल पर अपनी एक यूनिट की बुकिंग कर सकते हैं। अगर खरीदार किसी इकाई की खरीद नहीं करता है, तो उसे पूरी राशि वापस कर दी जायेगी।