मुख्य समाचार

मानव श्रृंखला 2020 में बिहार ने बनाया नया रिकाॅर्ड 

पटना। जल जीवन हरियाली अभियान के समर्थन में बनी मानव श्रृंखला 2020 में बिहार ने नया विश्व रिकाॅर्ड बनाया है। 11.30 से 12 बजे तक श्रृंखला में 5 करोड़ 16 लाख 71 हजार 389 लोग शामिल हुए। 38 जिलों में 18034 किलोमीटर मानव श्रृंखला बनी। 

गांधी मैदान, पटना से ऐतिहासिक मानव श्रृंखला का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुब्बारा उड़ाकर शुभारंभ किया। इससे पहले 21 जनवरी 2018 को बिहारवासियों ने 14000 किलोमीटर मानव श्रृंखला बनायी थी। यह श्रृंखला बाल विवाह एवं दहेज प्रथा उन्मूलन के समर्थन में थी। नशा मुक्ति के समर्थन में 21 जनवरी 2017 को 11292 किलोमीटर में मानव श्रृंखला बनी थी  

पटना जिला अव्वल : पटना जिला मानव श्रृंखला बनाने में अव्वल रहा। यहां से 27 लाख 87 हजार लोग शामिल हुए। दूसरे स्थान पर समस्तीपुर (27 लाख 80 हजार), तीसरे स्थान पर मुजफ्फरपुर (24 लाख 57 हजार), चौथे स्थान पर सारण (24 लाख 33 हजार) एवं पांचवें स्थान पर रोहतास (23 लाख 24 हजार) रहा। 

पूरे बिहार से फोटोग्राफी के लिए चार हेलिकाॅप्टर, तीन वायुयान एवं 100 ड्रोन की मदद ली गई। मानव श्रृंखला 2020 के जरिये बिहार ने बताया कि हमें ऐसी दुनिया चाहिए, जहां जल, जीवन और हरियाली हो। मनुष्य के साथ पशु-पक्षी सभी के अस्तित्व की रक्षा हो। हरियाली बढ़ाने के लिए प्रकृति के संरक्षण का संकल्प हर इंसान ले।  

गांधी मैदान में जल पुरुष राजेंद्र सिंह एवं यूएनईपी के कंट्री हेड अतुल बगई ने भी अपना समर्थन व्यक्त किया। विधान सभा अध्यक्ष, विधान परिषद के कार्यकारी सभापति, डिप्टी सीएम, कई मंत्री, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी समेत कई गणमान्य इस अवसर पर मौजूद थे। 
         
 


संबंधित खबरें