मुख्य समाचार

जलवायु के अनुकूल खेती के लिए ईएफडी से करार

पटना। बिहार में जलवायु के अनुकूल खेती करने के लिए कृषि विभाग ने एनवायर्नमेंटल डिफेंस फंड (ईएफडी) एवं फार्म्स एंड फार्मर्स फाउंडेशन (एफएंडएफ) के साथ समझौता किया है। कृषि विभाग की ओर से बामेती परिसर में निदेशक डाॅ जितेंद्र प्रसाद, ईएफडी के वरीय निदेशक रिची अहूजा और एफएंडएफ के सचिव आदर्श कुमार ने समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किया। 

कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने इस अवसर पर कहा कि इस करार से बिहार में कृषि क्षेत्र का और विकास होगा। इससे जलवायु के अनुकूल फसल एवं बीज का चयन, सिंचाई, फसल सुरक्षा एवं कटाई के बाद प्रबंधन के लिए समय पर सलाह मिलेगी। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन से उत्पन्न परिस्थितियों से निपटने के लिए जल शक्ति अभियान राज्य के 12 जिलों के 30 प्रखंडों में कार्यान्वित किया जा रहा है।

साथ ही अटल भू-जल योजना का भी संचालन किया जा रहा है। राज्य के आठ जिले गया, नवादा, नालंदा, भागलपुर, बांका, मुंगेर, खगड़िया एवं मधुबनी के 40 गांवों को क्लाईमेट स्मार्ट एग्रीकल्चर के लिए चयन किया गया है। जल-जीवन-हरियाली अभियान के लिए 24524 करोड़ रुपये का प्रावधान है।

क्या है ईएफडी और एफएंडएफ : ईएफडी अमेरिका की एक संस्था है, जो विश्व में पर्यावरण एवं इकोनोमी डेवलपमेंट पर कार्य कर रही है। यह संस्था अभी भारत के छह राज्यों में है। अब बिहार में भी ईएफडी कृषि विभाग के साथ मिलकर काम करेगा। एफएंडएफ मुख्य रूप से कृषि आधारित स्टार्ट अप है। यह किसानों को खेती संबंधित आधुनिक तकनीकी सहायता के साथ मार्केट लिंकेज भी उपलब्ध कराता है। फिलहाल यह संस्था बिहार के पश्चिमी चंपारण जिला के लगभग 15,000 किसानों के साथ काम कर रही है। 

इस अवसर पर फार्म्स एंड फार्मर्स फाउंडेशन के शशांक कुमार, कार्यक्रम प्रबंधक सुभाष कुमार, ईएफडी के कार्यक्रम प्रबंधक रिशिका जैरथ एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
 


संबंधित खबरें