मुख्य समाचार

बीएयू को ई-गवर्नेंस में मिली राष्ट्रीय पहचान

पटना/सबौर। बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू), सबौर को ई-कृषि प्रसार के लिए राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय पुरस्कार मिला है। मुंबई में 7-8 फरवरी को ई-गवर्नेंस के राष्ट्रीय सम्मेलन में बीएयू की पूरी टीम को सम्मानित किया जायेगा। पुरस्कार भारत सरकार के कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय ने दिया है।   

कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने इसके लिए बीएयू के कुलपति डाॅ अजय कुमार सिंह एवं निदेशक, प्रसार शिक्षा डाॅ आरके सोहाने को बधाई दी है। बीएयू में आधुनिक मीडिया सेंटर की स्थापना की गई है। इस मीडिया सेंटर में किसानों को सरल भाषा में खेती की तकनीकी जानकारी दी जाती है। सैकड़ों विषयों पर तकनीकी वृत्त चित्र के माध्यम से किसान को प्रशिक्षित किया जा रहा है। यू ट्यूब से देश के किसान लाभान्वित हो रहे हैं। 

विश्वविद्यालय का मीडिया सेंटर सभी कृषि विज्ञान केंद्रों से वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी जुड़ा हुआ है। रोस्टर के अनुसार किसान सीधे वैज्ञानिकों से संवाद करते हैं। राज्य स्तर पर हर माह किसानों की बात, कृषि मंत्री के साथ का आयोजन भी इसी का प्रतिफल है। हाल में पटना में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में फसल अवशेष प्रबंधन विषय पर आधारित वृत चित्र को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है।


संबंधित खबरें