पटना। नगर निगम के स्थायी सफाई कर्मियों से शहर के प्रमुख स्थानों से कचरा हटाने का निर्देश डीएम कुमार रवि ने दिया है। यह काम पुलिस बल एवं दंडाधिकारी की उपस्थिति में होगा। नगर निगम के पदाधिकारियों के साथ बैठक में उन्होंने कहा कि सरकारी काम में बाधा डालने वालों पर कार्रवाई करें।
पटना नगर निगम को निर्देश दिया गया कि नूतन राजधानी अंचल के अंतर्गत डाकबंगला चौराहा, पाटलिपुत्र अंचल के बोरिंग रोड चौराहा एवं पटना सिटी अंचल के अशोक राजपथ पर सफाई कार्य शीघ्र शुरू करें।
सफाई कर्मियों की मांग : राज्य के नगर निकायों के दैनिक वेतनभोगी सफाईकर्मी तीन फरवरी से हड़ताल पर हैं। लोकायुक्त के निर्देश पर नगर विकास एवं आवास विभाग ने इन कर्मियों की सेवा एक फरवरी से नहीं लेने का आदेश दिया था। इनकी जगह आउटसोर्सिंग एजेंसियों से सफाई का निर्देश था। बाद में विभाग ने सफाईकर्मियों की हड़ताल को देखते हुए उनकी सेवा 31 मार्च 2020 तक बढ़ा दी है। कर्मी अपनी सेवा नियमित करने की मांग पर अड़े हैं।
पटना नगर निगम के छह अंचलों के लिए 12 सफाईकर्मियों की टीम तैयार होगी। प्रत्येक टीम के साथ नगर पुलिस अधीक्षक मध्य सह पुलिस अधीक्षक यातायात पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल प्रतिनियुक्त करेंगे। संबंधित क्षेत्र के थाना प्रभारी सफाई कार्यों की निगरानी करेंगे।
बैठक में नगर आयुक्त अमित कुमार पांडेय, ट्रैफिक एसपी डी अमरकेश, अपर नगर आयुक्त शीला ईरानी, एडीएम कृष्ण कन्हैया प्रसाद सिंह, डीपीआरओ अनिल कुमार चौधरी, नगर दंडाधिकारी शैलेंद्र भारती एवं ओएसडी सुभाष नारायण उपस्थित थे।