मुख्य समाचार

बीएयू को मिला राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस अवार्ड

मुंबई। जनकेंद्रित कृषि प्रसार सेवाओं के लिए बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू), सबौर, भागलपुर को मुंबई में राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस अवार्ड से नवाजा गया है। केंद्रीय प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग हर वर्ष देश के उत्कृष्ठ ई-गवर्नेंस सेवाओं को अवार्ड के लिए चयन करती है। इस साल देश के 700 से अधिक सरकारी संस्थानों ने अवार्ड के लिए आवेदन दिया था। 

बीएयू की ओर से कुलपति डाॅ अजय कुमार सिंह, प्रसार शिक्षा निदेशक डॉ आर के सोहाने, सहायक प्राध्यापक डॉ राघवन और मीडिया सेंटर प्रभारी ईश्वर चंद्र ने अवार्ड ग्रहण किया। मुंबई में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने इस अवार्ड को प्रदान किया। इस अवसर पर महाराष्ट्र सरकार के सूचना और तकनीकी मंत्री सतेज डी. पाटिल और देश भर से आये 1000 से अधिक टेक्नोक्रेट्स मौजूद थेे। 

इससे पहले बिहार कृषि विश्वविद्यालय ने ई-कृषि प्रसार सेवाओं का प्रेजेंटेशन दिया। कई राज्यों के ब्यूरोक्रेट्स और टेक्नोक्रेट्स ने विश्वविद्यालय के प्रेजेंटेशन में रुचि दिखायी और अपने राज्यों में भी इसी तरह की परियोजना लागू करने में मदद मांगी। अवार्ड से पहले बीएयू की जन केंद्रित परियोजना पर मंत्रालय ने एक लघु फिल्म प्रस्तुत किया। 


संबंधित खबरें