सबौर। बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू) में 23 से 25 फरवरी तक किसान मेला का आयोजन हो रहा है। इस वर्ष के किसान मेले का मुख्य विषय जलवायु के अनुकूल कृषि तकनीक रखा गया है। मेले में बिहार, झारखंड, बंगाल एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश से करीब बीस हजार से अधिक किसान शामिल हो रहे हैं।
मेले में 100 से अधिक निजी संस्थान एवं विश्वविद्यालय के 50 स्टाॅल लगेंगे। 23 फरवरी को उद्यान एवं 24 फरवरी को पशु प्रदर्शनी लगेगी। इच्छुक किसान प्रदर्शनी में शामिल हो सकते हैं, जिन्हें पुरस्कृत भी किया जायेगा। किसान ज्ञान प्रतियोगिता भी होगी।
कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ठ कार्य कर रहे बिहार के विभिन्न जिलों के 22 किसानों को पुरस्कृत किया जायेगा। इस अवसर प्रसार क्षेत्र में कार्य कर रहे कृषि वैज्ञानिकों को बेस्ट एक्सटेंशन साइंटिस्ट अवार्ड एवं डाॅ गोपालजी त्रिवेदी बेस्ट एक्सटेंशन प्रोफेशनल अवार्ड भी दिया जायेगा।
ई-किसान मित्र, बायोटेक किसान हब परियोजना एवं वीर कुंवर सिंह कृषि महाविद्यालय, डुमरांव के छात्रों के टोमेटो कैचप का भी लोकार्पण किया जायेगा। ई-किसान मित्र विश्वविद्यालय ने तैयार किया है, जिसमें स्क्रीन टच करते ही किसानों को कृषि, पशुपालन, उद्यान एवं खेती से संबंधित जानकारी मिल सकेगी। बायोटेक किसान हब परियोजना बिहार के छह जिलों अररिया, औरंगाबाद, बांका, कटिहार, खगड़िया एवं पूर्णियां में चलाया जायेगा। परियोजना की कुल लागत 2.88 करोड़ है।