मुख्य समाचार

बीणा देवी व भावना कंठ को नारी शक्ति पुरस्कार               

पटना/नई दिल्ली/सबौर। मुंगेर की बीणा देवी एवं दरभंगा की भावना कंठ को नारी शक्ति पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उन्हें सम्मानित किया। बीणा देवी की पहचान जहां मशरूम महिला के रूप में है, वहीं भावना कंठ वायु सेना की पहली महिला फाइटर पायलट हैं।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नारी शक्ति पुरस्कार से सम्मानित किये जाने पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। सीएम ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि बीणा देवी अपनी पंचायत में जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए जानी जाती हैं। वे लगातार मशरूम की खेती के लिए महिलाओं को प्रेरित कर रही हैं। उन्होंने सैंकड़ों महिलाओं को अत्मनिर्भर बनाया है। वे धौरी पंचायत की सरपंच भी रह चुकी हैं।

सीएम ने कहा कि भारतीय वायुसेना की फाइटर पायलट भावना कंठ ने देश में बिहार का नाम रौशन किया है। वे भारतीय वायुसेना की पहली महिला काॅम्बैट फाइटर पायलट हैं, जिन्हें जून 2016 में वायुसेना के लड़ाकू दस्ते में शामिल किया गया था। बिहार को दोनों की उपलब्धियों पर गर्व है।

बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर ने मशरूम महिला बीणा देवी को सम्मानित किये जाने पर खुशी व्यक्त की है। निदेशक प्रसार शिक्षा डाॅ आरके सोहाने ने कहा कि बीणा देवी कृषि विज्ञान केंद्र, मुंगेर एवं बिहार कृषि विश्वविद्यालय से जुड़ी हुई हैं। उनके गांव तिलकारी से काफी दूरी होने के बावजूद वे कृषि विज्ञान केंद्र, मुंगेर एवं विश्वविद्यालय में होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं किसान मेला में शामिल होती रहीं हैं।      


संबंधित खबरें