मुख्य समाचार

बिहार के स्कूल, काॅलेज, पार्क व सिनेमा घर 31 मार्च तक बंद     

पटना। कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए राज्य सरकार ने 31 मार्च तक बिहार के सभी सरकारी एवं निजी स्कूल, काॅलेज, कोचिंग संस्थान, पार्क एवं सिनेमा घरों को बंद रखने का आदेश दिया है। बिहार दिवस (22 मार्च) पर होने वाले सभी कार्यक्रमों को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। 

कोरोना वायरस से बचाव एवं तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये। सीएम ने बैठक के दौरान कहा कि वायरस से लोगों को न घबराने की जरूरत है और न ही डरने की। कोरोना वायरस को लेकर राज्य सरकार पूरी तरह सतर्क है। बिहार में अब तक कोई भी केस कन्फर्म नहीं हुआ है।

पार्क, जू एवं म्यूजियम भी रहेंगे बंद : बैठक के बाद मुख्य सचिव दीपक कुमार ने बताया कि इस दौरान खेल आयोजन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी स्थगित रहेंगे। आयोजन स्थलों की बुकिंग रद्द कर दी गई है। राज्य के सभी पार्क, जू एवं म्यूजियम भी 31 मार्च तक बंद रहेंगे। उन्होंने कहा कि लोग पब्लिक गैदरिंग से बचें। अपने घर में ही रहने की कोशिश करें। इस वायरस के संक्रमण से बीमारी तेजी से फैलती है। 

बोर्ड परीक्षाएं जारी रहेंगी : सीबीएसई एवं आईसीएसई बोर्ड की परीक्षाएं जारी रहेंगी। स्कूल एवं यूनिवर्सिटी स्तर की परीक्षाओं को स्थगित करने के लिए संबंधित अथाॅरिटी को लिखा जायेगा। सरकारी स्कूलों में मिड डे मील राशि बच्चों के खाते में 31 मार्च से पहले ट्रांसफर कर दी जायेगी। सरकारी स्कूल के शिक्षकों को स्कूल में उपस्थित रहना होगा। आंगनबाड़ी केंद्र भी 31 मार्च तक बंद रहेंगे। केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं को सुविधाएं जारी रहेंगी। 

सरकारी कार्यालयों में भीड़ कम करने पर विचार : मुख्य सचिव ने बताया कि बिहार दिवस के आयोजन पर अप्रैल माह में निर्णय लिया जा सकता है। सरकारी कार्यालयों में भीड़ कम करने पर विचार किया जा रहा है। कार्यालय प्रभारी के माध्यम से कार्य की प्रकृति के अनुसार अल्टरनेट व्यवस्था करने पर विचार हो रहा है। बिहार में 142 मरीजों को ऑब्जर्वेशन में रखा गया था। इनमें 73 को डिस्चार्ज कर दिया गया है। अब तक कोई भी केस कन्फर्म नहीं हुआ है।

इंडो-नेपाल बॉर्डर पर जांच सख्त : इंडो-नेपाल बॉर्डर पर स्क्रीनिंग सख्त की जा रही है। वहां 49 मेडिकल कैंप खोले गये हैं। सरकारी अस्पतालों में 100 अतिरिक्त वेंटिलेटर की व्यवस्था की जा रही है। वायरस जांच की व्यवस्था आरएमआरआई हॉस्पिटल के साथ एम्स, पीएमसीएच एवं आईजीआईएमएस में भी की गई है। 

बैठक में डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी, मंत्री कृष्ण नंदन प्रसाद वर्मा एवं मंगल पांडेय, सीएम के परामर्शी अंजनी सिंह, अपर मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, आरके महाजन एवं अतुल प्रसाद, प्रधान सचिव संजय कुमार, एस. सिद्धार्थ, चंचल कुमार एवं उदय सिंह कुमावत, सचिव आनंद किशोर, मनीष कुमार वर्मा, लोकेश कुमार सिंह, अनुपम कुमार, राज्य परिवहन आयुक्त सीमा त्रिपाठी एवं सीएम के ओएसडी गोपाल सिंह उपस्थित थे।
 


संबंधित खबरें