मुख्य समाचार

22 मार्च को जनता कर्फ्यू के पालन करने की अपील 

पटना। कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने बिहार के किसान एवं पशुपालक सहित आम जनता से 22 मार्च (रविवार) को जनता कर्फ्यू  के पालन करने की अपील की है। कोरोना वायरस को लेकर प्रधानमंत्री ने 19 मार्च को राष्ट्र के नाम संदेश में 22 मार्च की सुबह सात बजे से रात नौ बजे तक जनता कर्फ्यू  का पालन करने की अपील की है । 

डाॅ प्रेम कुमार ने कहा कि कोई भी नागरिक इस दौरान घर से बाहर न निकले। हम जनता कर्फ्यू  के माध्यम से अपनी एकजुटता प्रदर्शित करेंगे। इससे हम आने वाली चुनौतियों से निपटने में अपने आप को तैयार कर सकेंगे। आपदा की इस घड़ी में राष्ट्र के प्रति अपनी एकजुटता प्रदर्शित करें।

उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस चीन से शुरू होकर विश्व के अधिकतर देशों को अपनी चपेट में ले लिया है। भारत भी इससे अछूता नहीं है। इसलिए हमलोगों को पूरी तरह सतर्क रहने की आवश्यकता है। इससे डरने की नहीं, बल्कि सावधानी बरतने की जरूरत है। सरकार पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ आपकी सुरक्षा के लिए कार्य कर रही है, लेकिन इसमें आपकी सक्रिय भागीदारी एवं सहयोग आवश्यक है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक कोरोना से बचने के लिए हमें भीड़ से बचना चाहिए। सार्वजनिक समारोह से दूर रहना होगा। यदि आवश्यक नहीं हो, तो घर से बाहर निकलने की जरूरत नहीं है। खासकर 60 साल से अधिक उम्र के लोग घर से बाहर नहीं निकले। जितना संभव हो सके, दफ्तर का काम अपने घर से करें। हमें कुछ नहीं होगा। इस सोच से बचना चाहिए। 


संबंधित खबरें