पटना। लाॅकडाउन की स्थिति में लोगों को सहायता पैकेज देने की घोषणा राज्य सरकार ने की है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कोरोना वायरस से उत्पन्न संक्रमण की गंभीर स्थिति की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में डिप्टी सीएम, स्वास्थ्य एवं जल संसाधन मंत्री, मुख्य सचिव समेत कई वरीय अधिकारी उपस्थित थे। लोगों को सहायता पैकेज देने के संबंध में निम्न निर्णय लिये गये।
-- सभी चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मियों को एक माह के मूल वेतन के समतुल्य प्रोत्साहन राशि दी जायेगी।
-- सभी राशन कार्डधारी परिवारों को एक माह का राशन मुफ्त में मिलेगा।
-- सभी पेंशनधारी (मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन, दिव्यांग पेंशन, विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन) को अगले तीन माह की पेंशन अग्रिम तौर पर तत्काल दी जायेगी। यह राशि उनके खाते में सीधे भेजी जायेगी।
-- सभी राशन कार्डधारी परिवारों को एक हजार रुपये प्रति परिवार मिलेगा। राशि डीबीटी के माध्यम से उनके खाते में भेजी जायेगी।
-- कक्षा एक से बारह के सभी छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति 31 मार्च 2020 तक उनके खाते में भेज दी जायेगी।
मुख्यमंत्री ने लोगों से अनुरोध किया है कि लाॅकडाउन के संबंध में राज्य सरकार की सलाह का पालन करें। सहयोग से ही इस महामारी से निपटने में सफलता मिलेगी।