मुख्य समाचार

कृषि मंत्री का दावा गेहूं की कटाई नहीं होगी बाधित 

पटना। सूबे के अधिकतर जिलों में अप्रैल के पहले सप्ताह से गेहूं की कटाई शुरू हो जायेगी। कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए फसल कटाई में सामाजिक दूरी बनाये रखना एक चुनौती होगी। 

कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार का कहना है कि गेहूं की कटाई बाधित नहीं होने दी जायेगी। इसके लिए कृषि विभाग हार्वेस्टर या रिपर कम बाइंडर से कटाई कराने पर जोर दे रहा है। राज्य में बड़ी मात्रा में गेहूं की कटाई कंबाईन हार्वेस्टर से की जाती है। यहां उपलब्ध कंबाईन हार्वेस्टर के चालक प्रायः पंजाब से आते हैं। 

कोरोना के कारण देश में लाॅकडाउन है। बाहर से हार्वेस्टर चालक लाने के लिए डीएम से पास निर्गत करने के लिए कहा गया है। पास कौशल विकास कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशिक्षित चालकों को ही मिलेगा। भारत सरकार ने पहले ही कृषि कार्य के लिए कृषि यंत्रों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाने की अनुमति दे दी है। 

बिहार सरकार ने भी कृषि कार्य के लिए किसान, खेती से जुड़े मजदूर, खाद-बीज एवं कीटनाशक यूनिट, सभी यंत्र, खेती कार्य से जुड़े वाहन एवं कस्टम हायरिंग सेंटर को लाॅकडाउन से मुक्त करने का निर्णय लिया है।
 


संबंधित खबरें