पटना। सूबे के प्रत्येक राशन कार्डधारी को एक हजार रुपये राशि सीधे बैंक खाते में देने की योजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। राशि प्रति परिवार की दर से दी गई है। पहले दिन 18,40,854 लाभुकों को एक हजार रुपये की दर से 184 करोड़ 8 लाख 54 हजार राशि ट्रांसफर की गयी। मुख्यमंत्री ने बचे लाभुकों को कम से कम समय में राशि ट्रांसफर करने का निर्देश दिया।
राज्य सरकार राशि कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण एवं लाॅकडाउन की स्थिति से निपटने के लिए खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत दे रही है। वैसे राशन कार्डधारी जिनका आधार नंबर राशन कार्ड डाटा बेस में उपलब्ध नहीं है। वे अपने मोबाइल से ही आधार संख्या आपदा प्रबंधन विभाग की वेेबसाइट http://aapda.bih.nic.in/fooddbt के माध्यम से दे सकते हैं। एनआईसी के सहयोग से पब्लिक फिनांनसियल मैनेजमेंट सिस्टम (पीएफएमएस) के जरिये राशि लाभुकों के खाते में ट्रांसफर की जा रही है।
इस अवसर पर डिप्टी सीएम, आपदा प्रबंधन मंत्री, मुख्य सचिव, प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत एवं चंचल कुमार, सचिव मनीष कुमार वर्मा, पंकज कुमार पाल एवं अनुपम कुमार समेत आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।