सबौर (भागलपुर)। लॉकडाउन में बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू) का सामुदायिक रेडियो 90.8 एफएम ग्रीन स्थानीय लोगों का मनोरंजन कर रहा है। एफएम ग्रीन अपने प्रसारण अवधि को बढ़ाकर कोरोना से बचाव संबंधित जानकारी देने में जुटा है। साथ ही लोकगीतों से मनोरंजन भी कर रहा है।
रेडियो पर आसपास के क्षेत्रों में चल रहे गतिविधि एवं लॉकडाउन में जरूरी सुविधाओं की जानकारी दी जा रही है। पहले की तरह कृषि सलाह भी नियमित रूप से जारी है। बीएयू के कुलपति डॉ अजय कुमार सिंह किसानों को कोरोना के मद्देनजर कृषि कार्यों को सतर्कता के साथ करने का संदेश रेडियो से दे रहे हैं।
शुरू में लॉकडाउन होने पर एफएम ग्रीन के प्रसारण में परेशानी आने लगी। इस स्थिति में बीएयू मीडिया सेंटर प्रभारी ईश्वर चंद्र ने अपने आवास से ही प्रसारण का निर्णय लिया। कुछ तकनीकी सामान के जरिये उन्होंने अपने कमरे को ही स्टूडियो बना लिया। पहले जहां तीन घंटे का प्रसारण होता था, वहीं अब 12 घंटे का सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक प्रसारण हो रहा है।
प्रसार शिक्षा निदेशक डॉ आरके सोहाने कहते हैं कि वर्तमान स्थिति में किसानों को सूचना की सबसे अधिक जरूरत है। लोगों में सामुदायिक रेडियो की लोकप्रियता का अंदाज इसी से लगाया जा सकता है कि इसके फेसबुक पेज पर कोई भी सूचना लगाने के साथ ही छह से सात हजार लोगो तक यह पहुंच जा रहा है।