मुख्य समाचार

जनवरी-मार्च में फ्लैट की बिक्री 29 प्रतिशत हुई कम 

नई दिल्ली/एजेंसी। देश में जनवरी-मार्च, 2020 में फ्लैट की बिक्री में 29 प्रतिशत कमी आयी है। सात प्रमुख शहरों में इस दौरान मात्र 27,451 फ्लैट बिके जबकि पिछले साल इसी अवधि में 38,628 मकानों की बिक्री हुई थी।

संपत्ति सलाहकार कंपनी जेएलएल ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि कोरोना वायरस संकट को देखते हुए अभी ज्यादा खरीदार नहीं हैं। जेएलएल की यह तिमाही रिपोर्ट दिल्ली-एनसीआर, मुंबई, पुणे, बेंगलुरु, चेन्नई, कोलकाता और हैदराबाद शहरों के आंकड़ों पर आधारित है। 

जेएलएल ने कहा कि पिछले पांच साल में आवास की बिक्री में यह दूसरी बड़ी गिरावट है। इससे पहले जनवरी-मार्च 2017 में 37 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गयी थी। इस साल सबसे अधिक गिरावट बेंगलुरु में 52 प्रतिशत रही। इस दौरान सिर्फ 4186 आवासों की बिक्री हुई। 

मुंबई में यह 19 प्रतिशत गिरकर 6857 इकाई, चेन्नई में 8 प्रतिशत घटकर 2453 इकाई, दिल्ली-एनसीआर और पुणे में 18 प्रतिशत की कमी के साथ क्रमशः 5941 आवास और 3728 आवास रही। कोलकाता में भी 35 प्रतिशत की गिरावट आयी और यह 1259 इकाई रही। हैदराबाद में 41 प्रतिशत की कमी के साथ 3027 आवास रही। 

इस तरह बाजार में बिना बिके खाली पड़े मकानों की संख्या बढ़कर 4,55,351 इकाई हो गयी है। 2019 की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में 4,42,228 इकाई थी। इनका कुल मूल्य 3,65,100 करोड़ रुपये के आसपास है। 

जेएलएल इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रमेश नायर ने कहा कि कोरोना वायरस महामारी के चलते अर्थव्यवस्था की रफ्तार कमजोर होने का अनुमान है। चालू वित्त वर्ष में यह पांच प्रतिशत से नीचे जा सकती है। हालांकि वैश्विक वित्तीय संकट के मुकाबले आवास रियल एस्टेट बाजार वर्तमान लाभ की स्थिति में दिख रहा है। इसकी बड़ी वजह सरकार के पिछले पांच-छह साल में किये गये कुछ बुनियादी सुधार हैं। 

कोरोना वायरस को लेकर जब स्थिति सामान्य होगी तब लोगों को वाजिब दाम पर मकान मिल सकते हैं। बैंकों के पास ऋण देने के लिए अधिक धन उपलब्ध होने से भी बाजार में मांग बढ़ने की उम्मीद है।
 


संबंधित खबरें