पटना/नई दिल्ली।केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अश्विनी चौबे ने लोगों से अपील की है कि कोरोना के विरुद्ध जंग लड़ रहे सभी लोगों का हौसला बढ़ाएं। कोरोना वाॅरियर्स अपनी चिंता न करते हुए इस विषम परिस्थिति में साहस एवं दृढ़ निश्चय के साथ सेवा में जुटे हुए हैं। उनके साथ पूरा देश खड़ा है।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि सभी लोग केंद्र एवं राज्य सरकार के निर्देशों का पालन करें। कोविड-19 इमरजेंसी रिस्पांस के तहत पहली किस्त के रूप में बिहार को 66.79 करोड़ एवं कोविड पैकेज के तहत 80.20 करोड़ राशि जारी की गई है।
उन्होंने बताया कि कोविड-19 पर नियंत्रण के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाये गये हैं। आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की गई है। सभी हॉट स्पॉट को चिन्हित कर नई रणनीति के साथ काम हो रहा है। पीपीई एवं एन 95 मास्क की कमी नहीं है।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने पटना एम्स, आरएमआरआई, सीजीएचएस एवं भारत सरकार के रीजनल मेडिकल के निदेशकों से मौजूदा स्थिति की जानकारी ली। एम्स पटना के निदेशक ने बताया कि सोमवार से टेस्टिंग की व्यवस्था यहां शुरू हो जायेगी।
मुजफ्फरपुर स्थित श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज में कोविड 19 टेस्टिंग की व्यवस्था शुरू हो रही है। इससे आसपास के जिलावासियों को लाभ मिलेगा। उन्होंने संसदीय क्षेत्र बक्सर, कैमूर, रोहतास एवं गृह क्षेत्र भागलपुर में इलाज एवं अन्य व्यवस्था की भी जानकारी ली।