मुख्य समाचार

सामान्य रहेगा माॅनसून, 16 जून तक पहुंचेगा बिहार

नई दिल्ली/पटना। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने इस वर्ष माॅनसून के सामान्य रहने की उम्मीद जतायी है। आईएमडी ने अपने पहले चरण लंबी दूरी पूर्वानुमान (एलआरएफ) में कहा कि देश में बारिश सामान्य (96 से 104 प्रतिशत) रहेगी। बिहार में  माॅनसून 16 जून तक आने की संभावना है।

मॉनसून के एक जून को तिरुवनंतपुरम (केरल) तक पहुंचने की उम्मीद है। बिहार, झारखंड, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना एवं आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों में मॉनसून सामान्य तिथियों की तुलना में तीन से सात दिन की देरी से पहुंचेगा।

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून जो देश की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को पूरा करता है। यह सामान्य रूप से जून के पहले सप्ताह में सबसे पहले केरल के दक्षिणी हिस्से तक पहुंचता है और सितंबर तक राजस्थान से हट जाता है। उत्तर पश्चिम भारत में माॅनसून के 8 जुलाई को आने की संभावना है और 15 अक्टूबर को दक्षिण भारत से वापस होने की उम्मीद है।

पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सचिव डॉ. एम. राजीवन ने 2020 के लिए दक्षिण-पश्चिम मानसून सीजन वर्षा के लिए आईएमडी के पहले चरण लंबी दूरी का पूर्वानुमान जारी किया। उन्होंने कहा कि आईएमडी दूसरे चरण का पूर्वानुमान मई के अंतिम या जून के पहले सप्ताह में जारी करेगा। इस मौके पर आईएमडी के महानिदेशक डाॅ एम. महापात्रा भी उपस्थित थे।


संबंधित खबरें