नई दिल्ली। रेल मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि बिहार के जमालपुर (मुंगेर) स्थित इंडियन रेलवे इंस्टीट्यूट फॉर मैकेनिकल एंड इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग (आईआरआईएमईई-इरिमी) को लखनऊ शिफ्ट करने की कोई योजना नहीं है। मंत्रालय ने कहा है कि मीडिया में ऐसी खबर आयी है कि इरिमी को जमालपुर से लखनऊ शिफ्ट करने की योजना बनायी जा रही है।
इस संबंध में कोई भी दावा गलत और भ्रामक है और इसके लिए रेल मंत्रालय की मंजूरी नहीं है। रेल मंत्रालय ने कहा है कि इरिमी की गतिविधियों को बढ़ाने की योजना है। वहां परिवहन प्रौद्योगिकी और प्रबंधन में शैक्षिक कार्यक्रम भी आयोजित किये जायेंगे। जमालपुर में एक वर्षीय डिप्लोमा के साथ कई अतिरिक्त शैक्षिक कार्यक्रम शुरू करने की योजना है। इसके लिए सिलेबस और डिजाइन का काम चल रहा है।
भारतीय रेलवे को इरिमी के इतिहास और विरासत पर गर्व है और इसके वर्तमान स्थान से शिफ्ट होने का कोई सवाल ही नहीं है। वास्तव में, सभी प्रयास इसे और मजबूत बनाने और मौजूदा स्थान पर अपनी भूमिका बढ़ाने के लिए हैं। इरिमी की स्थापना 1888 में टेक्निकल स्कूल के रूप में हुई थी। 1927 से यहां रेलवे इंजीनियरों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
जमालपुर स्थित इरिमी रेल कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने के साथ बिहार और पड़ोसी क्षेत्र के युवाओं को उच्च गुणवत्ता की व्यावसायिक शिक्षा और कौशल भी प्रदान करेगी। इससे इस क्षेत्र का आर्थिक विकास होगा।