मुख्य समाचार

बीएयू में राष्ट्रीय स्तर का वेबिनार 29 मई से

सबौर (भागलपुर)। बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू) अगले दो माह में राष्ट्रीय स्तर के सात वेबिनार का आयोजन करेगा। विभिन्न विषयों पर वेबिनार की तिथियां क्रमशः 29 मई, 4 जून, 19 जून, 26 जून, 3 जुलाई, 10 जुलाई एवं 16 जुलाई है। 

बीएयू ने विषयों का चयन बिहार की समस्याओं को ध्यान में रखकर किया है। इन विषयों में आर्सेनिक के प्रभाव को कैसे कम करें, संरक्षित खेती (जैसा मौसम वैसी खेती), रिटर्न टू रूट्स (गांव लौटे लोगों को कैसे उद्यमी बनाया जाये), पौधा स्वास्थ्य प्रबंधन में डिजिटल तकनीक का उपयोग, जलवायु परिवर्तन को कम करने के लिए जैव प्रोद्योगिकी का उपयोग, गुणवक्तायुक्त उत्पादन के लिये उद्यान की नयी पद्धतियों का उपयोग एवं फॉल आर्मीवर्म का प्रबंधन शामिल है। 

वेबिनार में देश-विदेश के विशेषज्ञ भाग लेंगे। बीएयू के वीसी प्रोफेसर अजय कुमार सिंह ने कहा कि वेबिनार से जो बातें आयेंगी, उन्हें कृषि विभाग को दिया जायेगा। इससे नीति निर्धारण में मदद मिलेगी। वेबिनार के कन्वेनर डॉ आर.के. सोहने ने कहा कि इससे कृषि से जुड़े वैज्ञानिक, पदाधिकारी, छात्र, किसान एवं उद्यमी लाभान्वित होंगे।
 


संबंधित खबरें