मुख्य समाचार

शाही लीची व जर्दालु आम की होगी फ्री होम डिलिवरी 

पटना। कृषि विभाग के उद्यान निदेशालय ने लोगों के लिए भागलपुर के जर्दालु  आम एवं मुजफ्फरपुर की शाही लीची की फ्री होम डिलिवरी कराने का निर्णय लिया है। इच्छुक उपभोक्ता शाही लीची के लिए 25 मई से 15 जून तक एवं जर्दालु आम के लिए 1 से 20 जून तक ऑनलाइन ऑर्डर कर सकते हैं। ऑर्डर उद्यान निदेशालय की वेबसाईट http://horticulture.bihar.gov.in पर दिये गये लिंक पर करना होगा।

कृषि विभाग ने लाॅकडाउन में किसान एवं उपभोक्ताओं के हित में यह निर्णय लिया है। डाक विभाग के माध्यम से भागलपुर, मुजफ्फरपुर एवं पटना के शहरी क्षेत्र के उपभोक्ताओं के घरों तक आम एवं लीची पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। 

कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने बताया कि मुजफ्फरपुर की शाही लीची की ऑनलाइन खरीदारी मुजफ्फरपुर एवं पटना के शहरी क्षेत्र के उपभोक्ता ही कर सकेंगे। इसी तरह भागलपुर के जर्दालु आम का स्वाद भागलपुर एवं पटना के शहरी क्षेत्र के उपभोक्ता ही ले सकेंगे। 

उपभोक्ताओं को इन फलों की होम डिलीवरी के बाद ही भुगतान करना है। होम डिलीवरी खर्च का वहन संबंधित कृषक उत्पादक संगठन करेंगे। शाही लीची दो किलोग्राम एवं जर्दालु  आम पांच किलोग्राम के आकर्षक पैक में प्राकृतिक रूप से पके होंगे। 

कृषि मंत्री ने कहा कि शाही लीची एवं जर्दालु आम की ऑनलाइन डिलिवरी राज्य के दो-तीन जिलों में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू की गई है। अगर उपभोक्ताओं का सहयोग मिला, तो अगले मौसम से राज्य के अन्य जिलों में भी ऑनलाइन डिलिवरी की जायेगी। 


संबंधित खबरें