मुख्य समाचार

दस जिलों में हाई अलर्ट, टिड्डी दल के हमले की आशंका

पटना। टिड्डी दल के संभावित प्रकोप को देखते हुए कृषि विभाग ने उत्तर प्रदेश से सटे बिहार के 10 जिलों में हाई अलर्ट जारी किया है। ये जिले कैमूर, रोहतास, बक्सर, भोजपुर, गया, औरंगाबाद, सारण, सीवान, गोपालगंज एवं बेतिया (पश्चिमी चंपारण) हैं। 

विभाग ने जिलों की सभी पंचायतों में टिड्डी दल के संभावित आक्रमण से संबंधित चेतावनी एवं आवश्यक समाधान के लिए एडवाइजरी भी जारी की है। यूपी से सटे बिहार के जिलों में माॅक ड्रिल, जागरूकता अभियान एवं पंपलेट का वितरण कराया जा रहा है। किसानों से अपील की गई है कि कहीं भी टिड्डी दल का प्रकोप नजर आये, तो इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन एवं समीप के कृषि कार्यालय को तुरंत दें। 

कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने बताया कि डीएम की निगरानी में टिड्डी नियंत्रण समिति की बैठक लगातार हो रही है। पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक के पदाधिकारी एवं कर्मी अलर्ट मोड में हैं। पंचायत स्तर पर किसानों को टिड्डी दल के प्रकोप की दशा में एक साथ इकठ्ठा होकर ढोल-नगारा, टीन के डिब्बों एवं थाली को बजाते हुए शोर मचाने के लिए प्रशिक्षित किया गया है। संभावित क्षेत्रों में फसल की रक्षा के लिए कीटनाशक केमिकल, स्प्रेयर एवं ट्रैक्टर्स की व्यवस्था की गई है। 

टिड्डी दल के प्रकोप की स्थिति में अग्निशमन विभाग की भूमिका अधिक उपयोगी होगी। इसके लिए स्टैंडवाई में अग्निशमन वाहन एवं ट्रैक्टर माउंटेड स्प्रेयर की व्यवस्था की गई है। कृषि वैज्ञानिक एवं जीव प्रबंधन केंद्र के विशेषज्ञों से भी सहयोग लिया जा रहा है। 
 


संबंधित खबरें