मुख्य समाचार

अर्थव्यवस्था की गाड़ी अब धीरे-धीरे पटरी पर : डिप्टी सीएम 

पटना। डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने कहा कि दो महीने से अधिक के लाॅकडाउन के बाद अब अर्थव्यवस्था की गाड़ी धीरे-धीरे पटरी पर आ रही है। बिहार में अप्रैल में जहां रोजाना औसतन 135.80 करोड़, मई में दोगुना से अधिक 310.63 करोड़, वहीं जून के मात्र नौ दिनों में 427.69 करोड़ का माल बाहर से बिकने के लिए आया। कर संग्रह में भी अप्रैल की तुलना में मई में तीनगुना से अधिक की वृद्धि हुई है। 

उन्होंने बताया कि अप्रैल में बाहर से 4,074 करोड़ का माल बिकने के लिए आया। इनमें मुख्य रूप से खाद्य सामग्री, दवा, चिकित्सा उपकरण एवं उर्वरक थे। मई में 9,630 करोड़ का माल बिका, जिनमें आयरन एंड स्टील, इलेक्ट्रिकल सामान, सीमेंट, कपड़ा और वाहन थे। 

पिछले साल के अप्रैल की तुलना में इस साल अप्रैल में कर संग्रह में 81.61 फीसदी की कमी थी। मई में काफी सुधार के साथ यह कमी मात्र 42.14 प्रतिशत की रही। 2020-21 के अप्रैल में जहां वाणिज्य कर, ट्रांसपोर्ट, निबंधन, खनन और भू-राजस्व से 467.61 करोड़ का कर संग्रह हुआ, वहीं मई में यह करीब तीनगुना बढ़ कर 1317.72 करोड़ रहा। 

अप्रैल में निबंधन से मात्र 4 करोड़, तो मई में 60.78 करोड़, ट्रांसपोर्ट में 31 करोड़, तो मई में 60 करोड़ और वाणिज्य कर में 256.21 करोड़ की जगह मई में 693.90 करोड़ का संग्रह हुआ है। यह दर्शा रहा है कि अब अर्थव्यवस्था गति पकड़ रही है।
 


संबंधित खबरें