मुख्य समाचार

माप-तौल विभाग की वेबसाइट का उद्घाटन

पटना। कृषि विभाग के अंतर्गत माप-तौल संभाग की वेबसाइट www. maptaul. bih. nic. in का उद्घाटन कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने किया। वेबसाइट से माप-तौल संभाग की सभी जानकारी आसानी से मिल सकेगी। 

कृषि रोड मैप 2017-22 में माप-तौल संभाग के लिए 64.62 करोड़ रुपये का वित्तीय प्रावधान किया गया है। कृषि मंत्री ने बताया कि माप-तौल के कार्यों में तेजी एवं पारदर्शिता लाने के लिए मुख्यालय से अनुमंडल स्तर तक के कार्यालयों को कंप्यूटरीकृत किया जा रहा है। 

माप-तौल के सभी कार्य ऑनलाइन होने से उपभोक्ताओं को संरक्षण के साथ व्यापारियों को काफी सुविधा होगी। इससे वे माप-तौल उपकरणों के सत्यापन शुल्क की राशि ऑनलाइन जमा कर सकेंगे। सत्यापन प्रमाणपत्र भी डाउनलोड हो जायेगा। व्यापारियों को माप-तौल निरीक्षक के कार्यालय केवल अपने माप-तौल उपकरणों के सत्यापन एवं मुहरांकन के लिए जाना पड़ेगा। 

कृषि सचिव डाॅ एन. सरवण कुमार ने कहा कि माप-तौल की ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू होने से मनमानी करने का अवसर समाप्त हो जायेगा। आम उपभोक्ता एवं व्यापारियों को अपने लाइसेंस के नवीकरण में आसानी होगी। साथ ही अधिक लोगों को जोड़ने से राजस्व में भी वृद्धि होगी।

कृषि निदेशक आदेश तितरमारे ने कहा कि मनुस्मृति में भी माप-तौल की चर्चा है। माप-तौल की  वेबसाइट में माप-तौल कार्यालयों का गुगल लोकेशन भी उपलब्ध है। इस अवसर पर कृषि विभाग के अपर निदेशक धनंजयपति त्रिपाठी एवं माप-तौल नियंत्रक आदित्य नारायण राय भी उपस्थित थे।


संबंधित खबरें