पटना। पटना एवं समीप के इलाकों में जलजमाव की स्थिति से निपटने की तैयारियों का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने निरीक्षण किया। पहाड़ी संप हाउस के निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि बाइपास इलाके के एक तरफ अधिक जलजमाव होने पर वैकल्पिक व्यवस्था के जरिये पानी को दूसरी तरफ के नाले में पहुंचाने की शीघ्र व्यवस्था करें।
बादशाही नाला का जायजा लेते हुए सीएम ने कहा कि नाला के पानी को ट्रीटमेंट करके ही पुनपुन में गिराएं। बाद में यह पानी गंगा में मिलता है। बादशाही नाला के किनारे पक्की बाउंड्री एवं पौधारोपण का भी निर्देश दिया गया।
योगीपुर एवं एनबीसीसी प्लांट के निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने ट्रांसफाॅर्मर को और ऊंचाई पर लगाने का निर्देश दिया। इससे जलजमाव की स्थिति में निर्बाध बिजली की आपूर्ति होने से मशीन चालू रहेगी। उन्होंने वैकल्पिक फीडर की भी व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने बिहार शहरी आधारभूत विकास निगम की पत्रिका मॉनसून 2020 का भी विमोचन किया। बाद में उन्होंने निर्माणाधीन अंतर्राज्यीय बस अड्डा एवं पाटलिपुत्र खेल परिसर, कंकड़बाग में बने 100 बेड के कोविड-19 उपचार केंद्र का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य एवं जल संसाधन मंत्री, मुख्य सचिव, प्रधान सचिव चंचल कुमार एवं उदय सिंह कुमावत, सचिव आनंद किशोर, संजीव हंस, अनुपम कुमार एवं मनीष कुमार वर्मा, आयुक्त संजय कुमार अग्रवाल, डीएम कुमार रवि, एसएसपी उपेंद्र शर्मा एवं बुडको के निदेशक रमन कुमार मौजूद थे।