मुख्य समाचार

बाढ़ सुरक्षा कार्यों के लिए नेपाल से समन्वय बनाने का निर्देश

पटना। बाढ़ सुरक्षा से संबंधित लंबित योजनाओं को शीघ्र पूरा करने के लिए नेपाल से समन्वय बनाने का निर्देश मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिया है। उन्होंने कोशी, गंडक एवं कमला नदी बेसिन और सीमावर्ती क्षेत्रों के कटाव स्थलों पर सुरक्षा कार्यों को दुरुस्त करने पर जोर दिया। सीएम बाढ़ की आशंका के मद्देनजर राहत कार्यों की तैयारी से संबंधित समीक्षा बैठक कर रहे थे।।

जल संसाधन विभाग ने सीएम को बताया कि कमला बलान तटबंध की मजबूती के लिए स्टील सीट से पायलिंग की जा रही है। इस तरह का प्रयोग बिहार में पहली बार हो रहा है। इससे तटबंध को मजबूती मिलेगी। कमला वियर के बायें एवं दायें गाइड बांध का सुरक्षात्मक कार्य अभी अधूरा है। 

मुख्यमंत्री ने वाल्मिकीनगर स्थित गंडक बराज का लगातार निरीक्षण का निर्देश दिया। साथ ही बराज के गेट की समस्या को दूर करने एवं सभी अधिकारी और इंजीनियर को सतर्क रहने के लिए कहा। पूर्वी चंपारण के बेलवा धार में एंटी फ्लड स्लुइस गेट के निर्माण एवं संचार व्यवस्था को दुरुस्त रखने का भी निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि बाढ़ की स्थिति में एसओपी के अनुसार लोगों को राहत पहुंचाने के लिए सभी तैयारी रखें। बैठक में जल संसाधन मंत्री, मुख्य सचिव, विकास आयुक्त, सीएम सचिवालय के सभी वरिष्ठ अधिकारी, जल संसाधन विभाग के सचिव एवं अधिकारी उपस्थित थे।
 


संबंधित खबरें