मुख्य समाचार

नवंबर तक गरीब कल्याण अन्न योजना का विस्तार

नई दिल्ली। गरीब कल्याण अन्न योजना का विस्तार छठ पूजा यानी नवंबर तक करने की घोषणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की। अनलाॅक दो के पहले राष्ट्र के नाम संबोधन में उन्होंने कहा कि अगले पांच महीने तक चलने वाले इस योजना पर अतिरिक्त 90 हजार करोड़ राशि खर्च होगी। पिछले तीन माह (अप्रैल-जून) का खर्च मिलाने पर बजट करीब 1.5 लाख करोड़ रुपये हो जाता है। 

योजना का लाभ देश के 80 करोड़ लोगों को मिल रहा है। परिवार के हर सदस्य को पांच किलो गेहूं या चावल मुफ्त में देने के साथ प्रत्येक परिवार को हर महीने एक किलो चना भी मुफ्त में दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि  सरकार अगर मुफ्त अनाज दे पा रही है, तो इसका श्रेय हमारे देश के मेहनती किसान एवं ईमानदार टैक्सपेयर को जाता है।

प्रधानमंत्री ने राष्ट्र के नाम संबोधन में कहा कि जुलाई से त्योहार का भी माहौल बनने लगता है। छठ पूजा तक लगातार पर्व है। त्योहार हमारी जरूरत के साथ खर्च भी बढ़ाता है। इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए ये फैसला लिया गया है कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का विस्तार अब छठ पूजा तक यानी नवंबर महीने के आखिर तक कर दिया जाये। 

देश के लिए एक राशन कार्ड की व्यवस्था भी हो रही है यानि  एक राष्ट्र, एक राशन कार्ड । इससे सर्वाधिक लाभ उन गरीब साथियों को मिलेगा, जो रोजगार या दूसरी जरूरतों के लिए अपना गांव छोड़कर कहीं और जाते हैं। 

गत तीन महीनों में 20 करोड़ गरीब परिवारों के जनधन खातों में सीधे 31 हजार करोड़ रुपये जमा कराये गये हैं। इस दौरान नौ करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18 हजार करोड़ रुपये जमा हुए हैं। गांवों में श्रमिकों को रोजगार देने के लिए गरीब कल्याण रोजगार अभियान तेज गति से शुरू कर दिया गया है। इस पर सरकार 50 हजार करोड़ रुपये खर्च कर रही है।  
 


संबंधित खबरें