मुख्य समाचार

समय पर बारिश, 23 प्रतिशत क्षेत्र में हुई धान की रोपनी 

पटना। बिहार में एक जून से छह जुलाई तक सामान्य से 58 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। समय पर अच्छी बारिश होने से किसानों को धान का बिचड़ा लगाने, रोपनी एवं मक्का की खेती करने में काफी सुविधा हो रही है। बिहार में अब तक 23.14 प्रतिशत क्षेत्र में धान की रोपनी हो चुकी है।   

राज्य में एक जून से छह जुलाई तक सामान्य बारिश 230.4 मिलीमीटर होनी चाहिए जबकि वास्तविक बारिश 363.8 मिलीमीटर हुई है। मुंगेर, शेखपुरा, सहरसा एवं कटिहार जिलों को छोड़कर 34 जिलों में यह सामान्य से 58 प्रतिशत अधिक है। 

धान रोपनी - राज्य में धान रोपनी का लक्ष्य 33,00,000 हेक्टेयर निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य के विरुद्ध अभी तक 7,63,706 हेक्टेयर क्षेत्र में धान की रोपनी हुई है, जो 23.14 प्रतिशत है। पिछले वर्ष छह जुलाई तक मात्र 1,39,264 हेक्टेयर क्षेत्र में रोपनी हुई थी। 

धान बिचड़ा - कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने बताया कि मौसम अनुकूल होने के कारण इस वर्ष खरीफ फसलों की अच्छी उपज की संभावना है। सही समय पर बारिश होने से धान का बिचड़ा समय पर तैयार हो गया है। खरीफ मौसम में धान बिचड़ा का आच्छादन लक्ष्य 3,30,000 हेक्टेयर है। इस लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 2,78,898 हेक्टेयर में धान बिचड़ा का आच्छादन हुआ है। यह लक्ष्य का 84.51 प्रतिशत है। 

पिछले वर्ष छह जुलाई तक इतने ही धान बिचड़ा का आच्छादन लक्ष्य के विरुद्ध मात्र 2,23,209 हेक्टेयर क्षेत्र में था। पिछले वर्ष से तुलना की जाये, तो इस वर्ष धान बिचड़ा का आच्छादन अधिक क्षेत्र में हुआ है। 

मक्का की स्थिति - मक्का का आच्छादन लक्ष्य 450000 हेक्टेयर क्षेत्र निर्धारित है। इसके विरुद्ध अभी तक 2,80,165 हेक्टेयर में मक्का का आच्छादन हुआ है, जो 62.26 प्रतिशत है। पिछले वर्ष छह जुलाई तक मात्र 1,40,687 हेक्टेयर क्षेत्र में मक्का का आच्छादन हुआ था। 

डाॅ प्रेम कुमार ने कहा कि समय पर वर्षा होने से घर लौटे लोगों को कृषि क्षेत्र में रोजगार मिल रहा है। बिहार में कहीं भी खाद एवं कीटनाशक की कमी नहीं है। 
 


संबंधित खबरें