पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना में कोरोना जांच केंद्रों की सूची जारी करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि लोगों को यह सूचना मिलनी चाहिए कि कहां और किस तरह से जांच हो रही है। सीएम कोविड-19 से बचाव के लिये किये जा रहे कार्यों की मुख्य सचिव दीपक कुमार के साथ समीक्षा कर रहे थे।
उन्होंने कोरोना संक्रमण के लक्षण वाले मरीजों को किसी भी निर्धारित स्वास्थ्य संस्थान पर जांच की सुविधा देने का निर्देश दिया। इसके लिये स्वास्थ्य विभाग सभी आवश्यक व्यवस्था करे। पटना में इस तरह की व्यवस्था शीघ्र शुरू होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने एंटीजन टेस्ट के विस्तार पर भी जोर दिया। इससे जांच एवं रिपोर्ट शीघ्र आने में सहूलियत होगी। होम आइसोलेशन में रहने वाले लोगों की लगातार माॅनिटरिंग एवं किसी प्रकार की चिकित्सा सुविधा की जरूरत होने पर अविलंब सुविधा उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया। उनका मनोबल भी लगातार बनाये रखने की जरूरत है।
मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की है कि धैर्य रखें, सचेत रहें एवं सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। अत्यंत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। घर से बाहर निकलते समय मास्क का प्रयोग अवश्य करें।