मुख्य समाचार

छह जिलों में बाढ़ की आशंका, अलर्ट रहने का निर्देश  

पटना। नेपाल एवं गंडक नदी के जलग्रहण क्षेत्र में भारी बारिश के कारण नदियों के जलस्तर में काफी वृद्धि की आशंका है। इस कारण वैशाली, सारण, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, पूर्वी एवं पश्चिम चंपारण जिलों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। 

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इन क्षेत्रों में बाढ़ की आशंका को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग एवं संबंधित जिलाधिकारियों को पूरी तरह अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा है कि गंडक नदी क्षेत्र के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों का ऊंचे एवं सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कार्रवाई करें। साथ ही राहत एवं बचाव कार्य के लिए पूरी तरह तैयार रहें । तटबंधों की सुरक्षा के लिए जल संसाधन विभाग के सभी अभियंता एवं एनडीआरएफ-एसडीआरएफ की टीम को पूरी तरह अलर्ट मोड में रखने का निर्देश दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों की सहायता पूरी तत्परता के साथ करें ताकि उन्हें किसी तरह की कठिनाई नहीं हो। पशुओं के लिये समुचित चारे की व्यवस्था भी करने का निर्देश दिया। इन क्षेत्रों में अगर कोई कंटेनमेंट जोन हो, तो उनके लिये अलग आपदा राहत केंद्र बनाकर उन्हें सहायता पहुंचाएं। ऐसे लोगों को सामान्य बाढ़ पीड़ितों से अलग रखने की व्यवस्था करें। राहत केंद्रों पर सोशल डिस्टेंसिंग एवं मास्क का प्रयोग अनिवार्य है।  
 


संबंधित खबरें