मुख्य समाचार

राहत शिविर व तटबंधों का सीएम ने किया सर्वेक्षण   

दरभंगा। दरभंगा जिले में बाढ़ राहत शिविरों का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने निरीक्षण किया। इससे पहले उन्होंने दरभंगा, गोपालगंज एवं चंपारण जिले के तटबंधों का हवाई सर्वेक्षण भी किया। इस दौरान अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। हवाई सर्वेक्षण में सीएम के साथ मुख्य सचिव दीपक कुमार एवं प्रधान सचिव चंचल कुमार भी थे। 

मुख्यमंत्री ने पुहिया, राजघाट ब्रिज, कोल्हुआघाट ब्रिज, कंकरघाट ब्रिज, बुनियादपुर, मझरिया, बरियाहीघाट ब्रिज, हथौरी ब्रिज, बरछिया, हायाघाट, एकमीघाट तथा बिरनी में तटबंधों का हवाई सर्वेक्षण किया। हवाई सर्वेक्षण के बाद उन्होंने उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय मखनाही में स्थापित बाढ़ राहत शिविर एवं सामुदायिक किचन का निरीक्षण किया। 

उन्होंने राहत शिविर में लोगों से सुविधाओं की जानकारी ली। रसोईघर, चिकित्सा सुविधा एवं रहने के कमरों का जायजा लिया। बच्चों के बीच बिस्कुट भी वितरित किये। सीएम ने प्रतिदिन शिविर में रह रहे लोगों को काढ़ा देने एवं एंटीजन और आरटीपीसीआर टेस्ट कराने का निर्देश दिया। लोगों को मास्क पहनने की सलाह दी। दरभंगा एयरपोर्ट की सुरक्षा के ख्याल से इसकी चहारदीवारी ऊंचा कराने का भी निर्देश दिया। 

बाढ़ राहत शिविर के निरीक्षण के दौरान मंत्री मदन सहनी, प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत, सचिव संजीव हंस, प्रमंडलीय आयुक्त मयंक बड़बड़े, आईजी अजिताभ कुमार, डीएम त्यागराजन एसएम एवं एसएसपी बाबू राम मौजूद थे।
 


संबंधित खबरें