नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नौ अगस्त को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये कृषि अवसंरचना कोष (इन्फ्रास्ट्रक्चर फंड) के तहत एक लाख करोड़ रुपये की सुविधा का शुभारंभ करेंगे। साथ ही पीएम किसान योजना के तहत 8.5 करोड़ किसानों को 17,000 करोड़ रुपये की धनराशि की छठी किस्त भी जारी करेंगे। देश के लाखों किसान,और सहकारी समितियां इस आयोजन के साक्षी बनेंगे। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे।
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने एक लाख करोड़ रुपये के कृषि अवसंरचना कोष के तहत वित्त पोषण सुविधा के लिए केंद्रीय क्षेत्र योजना को मंजूरी दी है। यह कोष कटाई बाद फसल प्रबंधन अवसंरचना और सामुदायिक कृषि परिसंपत्तियों जैसे कोल्ड स्टोरेज, संग्रह केंद्र एवं प्रसंस्करण इकाइयों को बढ़ावा देगा।
एक दिसंबर 2018 को शुरू की गई प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 9.9 करोड़ से भी अधिक किसानों को 75,000 करोड़ रुपये से अधिक का प्रत्यक्ष नकद लाभ दिया गया है। इसने किसानों को अपनी कृषि आवश्यकताओं को पूरा करने और अपने परिवार को आवश्यक सहारा देने में सक्षम बनाया है। योजना कोविड-19 महामारी के दौरान किसानों को आवश्यक सहारा देने में भी सहायक रही है। लॉकडाउन अवधि के दौरान किसानों की सहायता के लिए लगभग 22,000 करोड़ रुपये जारी किये गये।