पटना। बिहार पृथ्वी दिवस पर राज्यस्तरीय पौधारोपण कार्यक्रम के तहत पाटली पौधे का रोपण मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। कार्यक्रम का आयोजन आर ब्लॉक पथ पर किया गया था। इसके साथ 9 अगस्त, 2020 तक 3.47 करोड़ पौधारोपण किया गया। यह पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के लक्ष्य 2.51 करोड़ से अधिक है।
राज्य में पर्यावरण संतुलन के लिए हरित आवरण बढ़ाने के काम को आगे भी जारी रखने का निर्देश दिया गया। पौधारोपण लक्ष्य की प्राप्ति के लिए अधिक से अधिक लोग, संस्थान एवं सरकारी विभागों को शामिल किया गया। कोरोना वायरस संक्रमण के कारण पौधारोपण कार्यक्रम विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) से शुरू किया गया।
राज्य में हरित आवरण बढ़ाने के लिए कई प्रयास शुरू किये गये हैं। कार्य को गति देने के लिए 2012 में हरियाली मिशन की स्थापना कर 2019 तक 22 करोड़ पौधे लगाये गये। 26 अक्टूबर 2019 से जल-जीवन-हरियाली अभियान की शुरूआत की गयी है। इसमें बड़े पैमाने पर पौधारोपण कार्य एक प्रमुख भाग है।
कार्यक्रम के दौरान डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी, पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव, अपर मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा, प्रधान सचिव दीपक कुमार सिंह, अरविंद कुमार चौधरी, सचिव संजय कुमार अग्रवाल, प्रधान मुख्य वन संरक्षक ए.के. पांडेय एवं ओएसडी गोपाल सिंह उपस्थित थे।