मुख्य समाचार

पीएम केयर फंड से कोविड अस्पतालों का निर्माण शुरू 

पटना। पीएम केयर फंड से 500 बेड के दो कोविड अस्पतालों का निर्माण बिहटा (पटना) और मुजफ्फरपुर में हो रहा है। इसके लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री राज्य में कोविड 19 की वर्तमान स्थिति पर प्रधानमंत्री के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग को संबोधित कर रहे थे। कॉन्फ्रेंसिंग में दस राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हुए। 

सीएम ने कहा कि जुलाई से बिहार में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़े हैं। राज्य का रिकवरी रेट 65.43 प्रतिशत है। पहले से जांच की संख्या अधिक होने से पॉजिटिव केस 7.5 प्रतिशत से घटकर 5 प्रतिशत पर आ गया है। राज्य की मृत्युदर 0.54 प्रतिशत है। अब तक 10,97,252 लोगों के कोरोना संक्रमण की जांच की जा चुकी हैं। 

राज्य का जनसंख्या घनत्व 1102 है। यह राष्ट्रीय औसत 382 की तुलना में काफी अधिक है। जनसंख्या घनत्व अधिक होने के कारण इस तरह की परिस्थितियों से निपटने में और अधिक मेहनत करनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में प्रतिदिन 75 हजार से अधिक जांच हो रही है। सबसे महत्वपूर्ण जांच आरटीपीसीआर जांच अभी 6100 की संख्या में ही हो रही है। इसकी संख्या बढ़ाने के लिए प्रयास किये जा रहे हैं। 

सीएम ने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि दो कोवास-8800 मशीन बिहार को उपलब्ध करायी जाये। इससे प्रतिदिन जांच की संख्या 7200 और बढ़ जायेगी। साथ ही 10 लीटर अथवा अधिक क्षमता वाले 5000 ऑक्सीजन कांसेंट्रेटर एवं 3000 हाई फ्लोनेजल कैनुला उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया। इससे गंभीर लक्षण वाले मरीजों को ऑक्सीजन की उपलब्धता आसानी से हो सकेगी। 
 


संबंधित खबरें