मुख्य समाचार

बरौनी से टाटानगर दूसरी किसान स्पेशल ट्रेन शुरू

हाजीपुर/नई दिल्ली। दूध की सप्लाई के लिये दूसरी किसान स्पेशल ट्रेन का परिचालन पूर्व मध्य रेल के बरौनी (बिहार) से टाटानगर (झारखंड) के बीच 13 अगस्त से शुरू हो गया। इस स्पेशल ट्रेन से बोकारो स्टील सिटी, हटिया एवं टाटानगर के लिए दूध की सप्लाई की जायेगी। ट्रेन में दूध के चार टैंकर होंगे। इनमें बोकारो स्टील सिटी एवं हटिया के लिए एक-एक और टाटानगर के लिए दो टैंकर होंगे। इसके अलावा लगेज के दो डिब्बे होंगे।

दूध परिवहन के लिए किसान स्पेशल ट्रेन का परिचालन बरौनी से टाटानगर के बीच एक दिन के अंतराल पर होगा। पहली किसान स्पेशल ट्रेन का परिचालन सात अगस्त, 2020 को देवलाली (नासिक रोड) से दानापुर (बिहार) के बीच शुरू किया गया था। किसान अपनी सब्जी, फल और अन्य खाद्य सामग्रियों की बुकिंग करा सकते हैं। फिलहाल इस पार्सल ट्रेन का परिचालन साप्ताहिक है।   

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आम बजट 2020-21 में शीघ्र खराब होने वाले खाद्य पदार्थों के लिए सप्लाई चेन तैयार करने की घोषणा की थी। इसी परिपेक्ष्य में भारतीय रेल ने पीपीपी व्यवस्था के जरिये किसान रेल शुरू किया है। 
 


संबंधित खबरें