नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्टार्टअप पुरस्कारों के पहले संस्करण का परिणाम छह अक्टूबर (मंगलवार) को जारी होगा। रेल, वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल राष्ट्रीय मीडिया केंद्र, नई दिल्लीे से इसे जारी करेंगे। कार्यक्रम का एनआईसी, माई गोव (my gov) और संबंधित सोशल मीडिया चैनलों पर लाइव वेबकास्ट किया जाएगा। वर्चुअल सम्मान समारोह में वाणिज्य और उद्योग राज्यमंत्री सोम प्रकाश भी मौजूद रहेंगे।
पुरस्कार जीतने वाले स्टार्टअप को पांच लाख नकद पुरस्कार मिलेगा। साथ ही मजबूत स्टार्टअप इकोसिस्टम, एक प्रमुख इनक्यूबेटर और एक एक्सीलेरेटर को 15-15 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
पुरस्कार के पहले संस्करण के लिए 12 क्षेत्रों से आवेदन आमंत्रित किए गए थे। 12 क्षेत्रों में कृषि, शिक्षा, इंटरप्राइज टेक्नोलाॅजी, ऊर्जा, वित्त, खाद्य, स्वास्थ्य, उद्योग, अंतरिक्ष, सुरक्षा, पर्यटन और शहरी सेवाएं शामिल हैं। इनके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रभावशाली कार्य करने वालों का चयन किया जाएगा।
उद्योग संवर्धन और आंतरिक व्यापार विभाग (डीपीआईआईटी) ने उत्कृष्ट स्टार्टअप्स और इकोसिस्टम को सक्षम बनाने वालों की पहचान के लिए पहले राष्ट्रीय स्टार्टअप पुरस्कारों की कल्पना की है। पात्रता के लिए शर्त थी कि स्टार्टअप इनोवेटिव प्रोडक्ट और अच्छे उद्यम का निर्माण कर रहे हैं। इनमें रोजगार सृजन और व्यापक सामाजिक प्रभाव का प्रदर्शन करने की काफी संभावना है। सफलता का पैमाना केवल निवेशकों के लिए वित्तीय लाभ अर्जित करना नहीं है, बल्कि सामाजिक कार्य में भी योगदान देना है।