सबौर (भागलपुर)। बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू) की शोध परिषद (रबी 2020) की दो दिवसीय बैठक में वैज्ञानिक 65 रिसर्च पेश करेंगे। बैठक वीसी प्रो अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में 16 अक्टूबर से शुरू हुई। अनुसंधान निदेशक डाॅ आईएस सोलंकी ने बताया कि यूनिवर्सिटी में अभी 206 राजकीय, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय वित्त पोषित परियोजनाएं चल रही हैं। फसलों की 22 प्रजातियों को विकसित एवं अनुमोदित किया गया है।
यूनिवर्सिटी की मदद से चार उत्पादों को भौगोलिक सूचकांक प्राप्त हुआ है। साथ ही आम की वैरायटी एम. एच. 140, लहसुन का बी.आर.जी. 13 एवं बी.आर.जी 14 को अनुमोदित करने पर विचार किया जाएगा। आर्मीवर्म और रैड बैंडेड मैंगो कैटरपिलर के कीट प्रबंधन तकनीकों को अनुमोदित करने पर भी चर्चा होगी।
अनुसंधान निदेशक ने वैज्ञानिकों को नये शोध करने पर जोर दिया। वीसी ने बिहार कृषि विश्वविद्यालय में चल रहे शोध कार्यों की प्रशंसा की तथा इसे और मजबूत बनाने पर जोर दिया। बैठक में बीएयू से जुड़े प्रोफेसर, कृषि वैज्ञानिक एवं छात्र मौजूद थे।