पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से कहा कि आप सभी मुस्तैदी से काम करें। किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। गड़बड़ी करने वालों को चिन्हित कर उन पर कड़ी कार्रवाई करें। सीएम ने जोर देकर कहा कि हर हाल में अपराध पर नियंत्रण रखें। लापरवाह अधिकारी एवं कर्मियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करें। कानून का सख्ती से पालन होना चाहिए ताकि अपराधियों में भय हो।
मुख्यमंत्री 1 अणे मार्ग में विधि-व्यवस्था से संबंधित समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। एडीजी विनय कुमार ने विधि-व्यवस्था संबंधित प्रेजेंटेशन दिया। सीएम ने सभी थाना क्षेत्र में रात्रि गश्ती तेज करने एवं शिथिलता बरतने वालों पर कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया। वरीय पदाधिकारी स्वयं इसकी जांच करेंगे।
विशेष शाखा एवं खुफिया तंत्र को मजबूत करने, प्रमुख शहरों में सीसीटीवी लगाने, कॉल सेंटर एवं हेल्प लाईन की व्यवस्था, हर जोन में विधि विज्ञान प्रयोगशाला एवं साइबर अपराध पर नियंत्रण का भी निर्देश दिया गया। इसके अलावा प्रत्येक थाना में स्टेशनरी एवं अन्य सामग्री के लिए फंड की व्यवस्था, महिला शौचालय, थानों में आगंतुक कक्ष एवं लैंडलाइन फोन की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई।
बैठक में मुख्य सचिव दीपक कुमार, डीजीपी एसके सिंघल, अपर मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, एडीजी जेएस गंगवार, अमित कुमार एवं सुशील खोपड़े, आईजी (मद्य निषेध) अमृत राज, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार, सचिव मनीष कुमार वर्मा एवं अनुपम कुमार, ओएसडी गोपाल सिंह एवं अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।